चंदन मिश्रा हत्याकांड में शामिल थे दो शूटर
मुठभेड़ बिहिया-कटेया रोड पर एक नदी के पास हुई। यह कार्रवाई विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा अंजाम दी गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि चंदन मिश्रा हत्याकांड में शामिल दो शूटर इलाके में छिपे हुए हैं।
टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए। मुठभेड़ के बाद उन्हें पकड़ लिया गया।
गौरतलब है कि 17 जुलाई को पटना के पारस अस्पताल में पैरोल पर इलाज के लिए आए गैंगस्टर चंदन मिश्रा की आईसीयू में घुसकर हत्या कर दी गई थी। सीसीटीवी फुटेज में पांच हथियारबंद लोग वारदात को अंजाम देते हुए दिखे थे, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
इससे पहले इस हत्याकांड के मास्टरमाइंड तौसीफ उर्फ बादशाह को उसके तीन साथियों – चचेरे भाई निशु खान, हर्ष और भीम – के साथ कोलकाता से गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बलवंत और रविरंजन उसी गिरोह से जुड़े हैं जिसने अस्पताल के भीतर चंदन की हत्या को अंजाम दिया। फिलहाल दोनों आरोपियों का इलाज पुलिस निगरानी में चल रहा है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।





