राउत ने कहा,
"गठबंधन को लेकर किसी तरह की देरी नहीं है। सब कुछ पटरी पर है। हम MNS के साथ गठबंधन को लेकर सकारात्मक हैं। आपको नहीं पता पर्दे के पीछे क्या चल रहा है। बहुत कुछ लिखा नहीं जाता, जो बाद में सामने आता है।"
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में आने वाले दिनों में कई महानगर पालिका चुनाव होने हैं। ऐसे में सभी प्रमुख दल रणनीतिक मोर्चेबंदी में जुटे हैं। राज ठाकरे ने हाल ही में सार्वजनिक तौर पर उद्धव ठाकरे के साथ आने के संकेत दिए थे, जिसे उद्धव ने मंच से खुले दिल से स्वीकारा भी।
हालांकि सियासी समीकरण यहीं थमते नहीं दिखते। सूत्रों के मुताबिक, MNS की शिवसेना (शिंदे गुट) के साथ भी संभावित गठबंधन को लेकर बातचीत चल रही है। हाल ही में शिंदे के करीबी मंत्री उदय सामंत ने राज ठाकरे से मुलाकात की थी, जिसके बाद अटकलें और तेज हो गई हैं।
सूत्रों के अनुसार, BMC (मुंबई महानगर पालिका) के अलावा ठाणे, पुणे, नासिक, नवी मुंबई, कल्याण-डोंबिवली और छत्रपति संभाजीनगर जैसे प्रमुख नगर निगमों में MNS और शिवसेना (किस गुट के साथ, यह अभी स्पष्ट नहीं) के बीच गठबंधन की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।
इन घटनाक्रमों के बीच संजय राउत का बयान इस ओर इशारा करता है कि पर्दे के पीछे राज ठाकरे की राजनीतिक पिच पर गंभीर बातचीत जारी है, और आने वाले दिनों में महाराष्ट्र की राजनीति में बड़े समीकरण बदल सकते हैं।





