Molitics Logo
होम Bhubaneswar: KIIT यूनिवर्सिटी में नेपाली छात्रा की आत्महत्या से हंगामा, PM ओली को देना पड़ा दखल

Bhubaneswar: KIIT यूनिवर्सिटी में नेपाली छात्रा की आत्महत्या से हंगामा, PM ओली को देना पड़ा दखल

इस घटना के विरोध में नेपाली छात्रों ने प्रदर्शन किया, जिसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए प्रदर्शनकारी छात्रों को हॉस्टल से बाहर निकाल दिया।

Bhubaneswar: KIIT यूनिवर्सिटी में नेपाली छात्रा की आत्महत्या से हंगामा, PM ओली को देना पड़ा दखल
फोटो: Nepali student, KIIT University
ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर स्थित KIIT यूनिवर्सिटी में नेपाल की एक छात्रा की आत्महत्या के बाद परिसर में भारी तनाव पैदा हो गया। इस घटना के विरोध में नेपाली छात्रों ने प्रदर्शन किया, जिसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए प्रदर्शनकारी छात्रों को हॉस्टल से बाहर निकाल दिया।

नेपाल के प्रधानमंत्री ने लिया संज्ञान


सूत्रों के मुताबिक, यूनिवर्सिटी प्रशासन ने 1000 से अधिक नेपाली छात्रों को परिसर खाली करने का निर्देश दिया, जिसके बाद उन्हें कटक रेलवे स्टेशन पहुंचा दिया गया। इस फैसले के बाद नेपाली छात्रों में गहरी नाराजगी देखी गई। घटना का संज्ञान नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने भी लिया और प्रभावित छात्रों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। 

ओली ने कहा कि नेपाल सरकार इस मुद्दे पर भारतीय अधिकारियों के संपर्क में है और नई दिल्ली स्थित नेपाली दूतावास ने भुवनेश्वर में छात्रों की सहायता के लिए दो अधिकारियों को भेजा है। इस घटना के विरोध में काठमांडू में भी प्रदर्शन हुए। भारतीय दूतावास के सामने नेपाली छात्रों ने विरोध जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।

लखनऊ का रहने वाला आरोपी छात्र गिरफ्तार


इस आत्महत्या मामले में भुवनेश्वर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के लखनऊ निवासी एक छात्र को गिरफ्तार किया है। मृतक छात्रा के परिजनों ने आरोप लगाया कि गिरफ्तार छात्र उसे ब्लैकमेल कर रहा था, जिसके चलते उसने आत्महत्या कर ली। भुवनेश्वर के इंफोसिटी पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी छात्र को एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया, जब वह शहर छोड़ने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन और लैपटॉप जब्त कर लिया है। भुवनेश्वर के डीसीपी पिनाक मिश्रा ने बयान जारी कर कहा कि आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया गया है और छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं, ओडिशा पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

Read This Also:- Bihar: तेजस्वी यादव का दावा – एक दिन लालू यादव को भी मिलेगा भारत रत्न!