सरकार छुपा रही आंकड़े, कुंभ में अव्यवस्था चरम पर – अखिलेश
अखिलेश यादव ने कहा, "सरकार दावा कर रही है कि 60 करोड़ लोगों ने आस्था की डुबकी लगाई, लेकिन यह आंकड़ा संदिग्ध है। असलियत यह है कि सरकार कुंभ में हुए कुप्रबंधन की स्टडी से बचने के लिए सही आंकड़े छुपा रही है। 65 से 70 वर्ष के बुजुर्ग श्रद्धालु अभी तक स्नान नहीं कर पाए हैं, इसलिए हम मांग करते हैं कि कुंभ की अवधि को और बढ़ाया जाए।"
अखिलेश ने आगे कहा कि "कुंभ के दौरान उत्तर प्रदेश की छवि खराब हुई है। देश और दुनिया ने देखा कि 300 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे लोगों की जान तक चली गई। सरकार का कुंभ प्रबंधन पूरी तरह विफल रहा है।" उन्होंने सवाल उठाया कि जो लोग "विकसित भारत" की बात कर रहे हैं, वही अब सच्चाई उजागर होने से डर रहे हैं और मीडिया को भी दबाने की कोशिश कर रहे हैं।
इन्वेस्टमेंट मीट पर भी उठाए सवाल
सपा प्रमुख ने योगी सरकार की इन्वेस्टमेंट मीट को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, "इन्वेस्टमेंट मीट के बाद उत्तर प्रदेश को कोई फायदा नहीं मिला। न ही कोई ठोस इंडस्ट्रियल पॉलिसी बनी और न ही कोई बड़ा निवेश आया। बीजेपी सिर्फ झूठे आंकड़े पेश कर रही है और अपनी छवि चमकाने में लगी हुई है।" अखिलेश ने कहा कि सरकार को बुजुर्गों के लिए स्नान की विशेष व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "सरकार ने 100 करोड़ श्रद्धालुओं के लिए इंतजाम करने का दावा किया था, लेकिन कुछ करोड़ लोग भी सही से नहीं संभाले जा सके। सरकार अब तक कोई स्पष्ट आंकड़े जारी नहीं कर पाई है।" उन्होंने 144 साल वाले सरकारी दावे को भी फर्जी करार दिया।
अखिलेश यादव ने पुलिस प्रशासन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, "मैं तो पुलिस वालों से कहूंगा कि वर्दी छोड़िए और बीजेपी की टोपी लगाकर थाने में बैठिए।" उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कुंभ में हुई अव्यवस्थाओं पर पर्दा डालने की कोशिश कर रही है और जनता से सच छिपा रही है।
Read This Also:- SP विधायक अस्थि कलश लेकर पहुंचे UP विधानसभा, योगी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन
Read This Also:- SP विधायक अस्थि कलश लेकर पहुंचे UP विधानसभा, योगी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन





