Molitics Logo
होम केजरीवाल की गिरफ़्तारी को तानाशाही बताते हुए 'आप' ने देश भर मे किया उपवास

केजरीवाल की गिरफ़्तारी को तानाशाही बताते हुए 'आप' ने देश भर मे किया उपवास

केजरीवाल की गिरफ़्तारी को तानाशाही बताते हुए  'आप' ने देश भर मे किया उपवास
फोटो: केजरीवाल की गिरफ़्तारी को तानाशाही बताते हुए 'आप' ने देश भर मे किया उपवास
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कथित शराब घोटाला मामले में जेल भेजने के विरोध में, रविवार को आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने देश भर में उपवास करके विरोध जताया। दिल्ली में ह उपवास जंतर-मंतर पर रखा गया था। इस उपवास में संजय सिंह और आतिशी सहित आम आदमी पार्टी के कई बड़े नेता शामिल हुए। जंतर-मंतर पर ‘आप’ नेताओं ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। जबकि पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उपवास आंदोलन की बागड़ोर संभाली।


जमकर ग़रजे संजय सिंह

दिल्ली में आयोजित उपवास के दौरान संजय सिंह ने  कहा कि अगर उपराज्यपाल भारतीय संविधान का सम्मान करते है तो भाजपा के शराब घोटाले पर जाँच के लिए कार्रवाई करें। संजय सिंह ने कहा कि ‘भाजपा देश की सबसे भ्रष्ट पार्टी है।’  केजरीवाल के इस्तीफ़े की बीजेपी की माँग पर पलटवार करते हुए संजय सिंह ने कहा कि केजरीवाल इस्तीफ़ा क्यों देंगे, वे हमारे मुख्यमंत्री हैं और रहेंगे। केजरीवाल ने लोगों हक़ के लिए लड़ाई लड़ी है, लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं मुफ़्त में मुहैया करायी हैं। संजय सिंह  ने कहा कि 55 करोड़ रुपयों का असली शराब घोटाला भाजपा ने किया है, इसकी जांच होनी चाहिए।

संजय सिंह कई ने कहा कि भाजपा ने मणिपुर को तोड़ कर रख दिया। उस पर तो प्रधानमंत्री चुप रहते हैं। मणिपुर में तो भाजपा के मुख्यमंत्री से इस्तीफ़ा नहीं माँगा जाता है।आख़िर भाजपा किस आधार पर अरविंद केजरीवाल से इस्तीफ़ा मांग रही है?


ब्रिटिश राज में बापू की भी हुई थी बेबुनियाद गिरफ़्तारी - दिलीप पांडे

उपवास के दौरान विधायक दिलीप पांडे ने अपने संबोधन में बापू (महात्मा गाँधी) को याद किया। दिलीप पांडे ने कहा कि स्वतंत्रता की लड़ाई के दौरान बापू ने 18 बार उपवास किया था, तीन बार उनका उपवास 21 दिनों तक चला था। बापू का उपवास ब्रिटिश शासन के ख़िलाफ था, उनकी बेबुनियादी गिरफ़्तारी की गई थी। आज अरविंद केजरीवाल की भी बेबुनियाद गिरफ़्तारी की गई है।

आतिशी ने कहा कि आज दिल्ली के लोग अरविंद केजरीवाल की ज़मानत चाहते हैं। दिल्ली के लोग केजरीवाल को बहुत प्यार करते है। आज ईडी(प्रवर्तन निदेशालय) और जाँच एजेंसी सीबीआई के पास अरविंद केजरीवाल के ख़िलाफ़ दिखाने के लिए भी एक पैसे का हिसाब नहीं है।


भगत सिंह का बलिदान और अंबेडकर का संविधान ख़तरे में - भगवंत मान

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान भी ‘आप’ के एक दिन के उपवास आंदोलन में शामिल हुए। इसके लिए वो स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के पैतृक गाँव खटकलकलां पहुंचे। भगवंत मान ने कहा कि शहीद भगत सिंह द्वारा हासिल की गई आज़ादी और भीमराव अंबेडकर द्वारा लिखा गया संविधान, आज ख़तरे में है।आज आम आदमी पार्टी तानाशाही के ख़िलाफ लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि भगत सिंह इस बात को लेकर चिंतिन थे कि आज़ादी के बाद देश किस के हाथों में जायेगा, आज उनकी वो चिंता और ड़र सही साबित हो रहे हैं।

भगवंत मान ने कहा कि जिस तरह से आम आदमी पार्टी तेज़ी के साथ आगे बढ़ रही है, उससे भाजपा की केंद्र सरकार पूरी तरह से घबरा गयी है। आज भाजपा अपने ख़िलाफ उठ रही आवाज़ों को बर्दाश्त नहीं कर पा रही है, इसलिए उन्होंने अरविंद केजरीवाल को जेल में डाल दिया, ताकि अरविंद केजरीवाल की आवाज़ को दबाया सके।

भगवंत मान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरते हुए कहा कि प्रधानमंत्री कहते है कि वह भ्रष्टाचारियों को नहीं छोड़ेंगे, यानी प्रधानमंत्री यह कहना चाहते है कि वो सभी भ्रष्ट लोगों को भाजपा में शामिल कर लेंगे। इसके लिए उनके पास एक वाशिंग मशीन है जिसमें वो भ्रष्ट नेताओं को डालते हैं, और उन्हें पाक-साफ़ कर भाजपा का नेता बना देते हैं। भगवंत मान आगे कहते है कि भाजपा को मोदी लहर पर इतना ही भरोसा है तो फिर अरविंद केजरीवाल को गिरफ़्तार क्यों किया।निष्पक्ष तरीके से चुनाव लड़ते, और निर्णय जनता के हाथों में छोड़ देते।


क्यों है अरविंद केजरीवाल जेल में

अरविंद केजरीवाल को ईडी ने कथित शराब घोटाले मामले में 21 मार्च को गिरफ़्तार किया था। जिसके बाद से अरविंद केजरीवाल जेल में हैं।राउस एवेन्यू कोर्ट ने 15 अप्रैल तक अरविंद केजरीवाल को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की सुनवाई 15 अप्रैल को होगी।