Molitics Logo
होम लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में 62.31 फ़ीसद मतदान, पश्चिमी बंगाल में सर्वाधिक वोट पड़े

लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में 62.31 फ़ीसद मतदान, पश्चिमी बंगाल में सर्वाधिक वोट पड़े

लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में 62.31 फ़ीसद मतदान, पश्चिमी बंगाल में सर्वाधिक वोट पड़े
फोटो: लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में 62.31 फ़ीसद मतदान, पश्चिमी बंगाल में सर्वाधिक वोट पड़े
सोमवार को 9 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेशों की 96 लोकसभा सीटों पर मतदान हुआ। पश्चिमी बंगाल में 78.44 फ़ीसद मतदान हुआ जो देश में सबसे ज़्यादा है। जबकि जम्मू-कश्मीर में 37.98 फ़ीसद के साथ सबसे कम मतदान हुआ। उधर, मुस्लिम महिलाओं के साथ आपत्तिजनक व्यवहार के चलते हैदराबाद लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी माधवी लता के ख़िलाफ़ पुलिस ने शिकायत दर्ज की। चौथे चरण में कई दिग्गज नेताओं की किस्मत का फैसला वोटिंग मशीन ईवीएम में कैद हो चुका है, जिनमें शामिल हैं - कन्नौज (उत्तर प्रदेश) से समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, बहरामपुर (पश्चिम बंगाल) से कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी, बीड (महाराष्ट्र) से पंकजा मुंडे, हैदराबाद (तेलंगाना) से असदुद्दीन ओवैसी, कडप्पा (आंध्र प्रदेश) से आंध्र कांग्रेस अध्यक्ष वाईएस शर्मिला, खीरी (उत्तर प्रदेश) से भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी और कृष्णानगर (पश्चिम बंगाल) से तृणमूल कांग्रेस नेता महुआ मोइत्रा।




किस राज्य की कितनी सीटों पर चुनाव

चौथे चरण में कुल 96 लोकसभा सीटों पर मतदान हुआ। इनमें तेलंगाना की 17, आंध्र प्रदेश की 25, उत्तर प्रदेश की 13, बिहार की 5, झारखंड की 4, मध्य प्रदेश की 8, महाराष्ट्र की 11, ओडिशा की 4, पश्चिम बंगाल की 8 और जम्मू-कश्मीर की एक सीट शामिल है।



किन राज्यों में कितना फ़ीसद मतदान हुआ

तेलंगाना में 64.93 फ़ीसद, आंध्र प्रदेश में 78.25 फ़ीसद, उत्तर प्रदेश की 58.5 फ़ीसद, बिहार में 57.06 फ़ीसद, झारखंड में 65.31 फ़ीसद, मध्य प्रदेश में 70.98 फ़ीसद, महाराष्ट्र में 59.64 फ़ीसद, ओड़िशा 73.97 फ़ीसद, पश्चिमी बंगाल में 78.44 फ़ीसद और जम्मू - कश्मीर में 37.98 फ़ीसद मतदान हुआ



चौथे चरण मतदान के दौरान की प्रमुख ख़बरें

आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के नेता ने तेनाली में मतदान की लाइन में लगे एक व्यक्ति को थप्पड़ मार दिया। नेता की नज़र में व्यक्ति की गलती सिर्फ यह थी कि उसने नेता को लाइन न तोड़ने के लिए कहा था।

निर्वाचन आयोग ने कहा है कि उसे सोमवार को 1000 से ज़्यादा शिक़ायतें मिलींं जिनमें ईवीएम की ख़राबी, लोगों को बूथ में प्रवेश करने से रोकना इत्यादि शामिल हैं। ओड़िशा में ईवीएम मशीन ख़राब होने से संबंधित काफ़ी शिक़ायतें आयी है।


उत्तर प्रदेश के शाहजहाँपुर के कुछ गाँवों में मतदान का बहिष्कार किया गया। बहिष्कार का कारण मौजूदा नेताओं का काम न करना रहा है।


हैदराबाद से भाजपा की लोकसभा प्रत्याशी माधवी लता पर पुलिस ने केस दर्ज़ किया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक मतदान बूथ पर माधवी कुछ मुस्लिम महिलाओं को बुर्क़ा हटाने के लिए बोलती है और उनके पहचान पत्र की जाँच करती है। इसके ख़िलाफ़ कुछ लोगों और नेताओं ने आपत्ति जतायी थी।