VHP आया मोनू के समर्थन में, आंदोलन करने की बात कही!
बजरंग दल व गोरक्षा दल से जुड़े मोनू मानेसर को नूंह अपराध जांच शाखा टीम ने गुरुग्राम पुलिस की मदद से गिरफ्तार कर लिया है। मोनू मानेसर को मंगलवार सुबह 10 बजे के करीब गुरुग्राम के सेक्टर 1 मार्केट से हिरासत में लिया गया। एक सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से इसकी सूचना सामने आई तो मीडिया में आग की तरह खबर फैल गई। उधर हिंदू संगठनों ने गिरफ्तारी का विरोध करते हुए मानेसर में पंचायत का आह्वान कर दिया। मोनू की पुलिस हिरासत में लिए जाने की खबर मिलते ही राजस्थान पुलिस भी हरकत में आ गई और मंगलवार को ही कई गाड़ी नूंह कोर्ट परिसर में पहुंच गई। गिरफ्तारी के बाद नूंह पुलिस अलर्ट हो गई। नूंह कोर्ट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। भारी पुलिस बल की सुरक्षा में मोनू को कोर्ट परिसर में लाया गया। जवान अत्याधुनिक हथियारों से लैस आधा दर्जन गाड़ियों के काफिले के साथ अदालत में उनके अधिवक्ता सोमनाथ शर्मा ने मोनू की जमानत मांगी, लेकिन कोर्ट से जमानत नहीं मिली। फिलहाल कोर्ट के आदेश पर मोनू मानेसर को राजस्थान पुलिस के हवाले कर दिया है। अब राजस्थान पुलिस मोनू मानेसर से पूछताछ करेगी। अब इस मामले पर विश्व हिंदू परिषद के कार्याध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा है कि निर्दोष गौभक्त मोनू मानेसर को राजस्थान पुलिस ने गिरफ्तार किया है,जबकि कुछ समय पहले ही राजस्थान पुलिस ने निर्दोष माना था,चुनावों में मुस्लिम वोट बैंक लिए गौभक्त मोनू की गिरफ्तारी हुई है, जो उन्हें बहुत भारी पड़ेगा। विश्व हिंदू परिषद गौभक्त मोनू मानेसर को हर प्रकार से सहायता करेगी और आवश्कता पड़ी तो हम आंदोलन भी करेंगे।” वहीं फरवरी माह में राजस्थान मेवात के घाटमीका गांव के रहने वाले नासिर-जुनैद को जिंदा जलाकर मार दिया गया था। जिसका आरोप बजरंग दल के कुछ सदस्यों पर था। मोनू भी इन्हीं आरोपियों में से एक बताया गया था। इसको लेकर मेवात क्षेत्र में भारी गुस्सा था, तो वही गत 31 जुलाई को नूंह में जलाभिषेक यात्रा के दौरान हुई हिंसा के लिए कुछ लोग मोनू मानेसर की एक सोशल मीडिया पोस्ट को जिम्मेदार मान रहे थे। इसके अलावा नासिर-जुनैद हत्याकांड में उसकी गिरफ्तारी नहीं होने भी एक बड़ा कारण था। फिलहाल नूंह पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारनिया के निर्देश पर मोनू मानेसर की गिरफ्तारी तो कर ली गई है। माना जा रहा है कि नूंह पुलिस पूरी सख्ती के मूड में है। अभी भी कई और बड़ी गिरफ्तारियां पुलिस कर सकती है।
