Molitics Logo
होम महाराष्ट्र में कृषि मंत्री के जिले में किसान कर रहे आत्महत्या!

महाराष्ट्र में कृषि मंत्री के जिले में किसान कर रहे आत्महत्या!

महाराष्ट्र में कृषि मंत्री के जिले में किसान कर रहे आत्महत्या!
फोटो: महाराष्ट्र में कृषि मंत्री के जिले में किसान कर रहे आत्महत्या!
महाराष्ट्र के मराठवाड़ा में किसानों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं हैं। खराब फसल, कर्ज चुकाने का दबाव और खराब माली हालत के चलते यहां वर्ष 2023 में ही लगभग 685 किसान आत्महत्या कर चुके हैं। सबसे अहम बात यह है कि यह आंकड़ा 31 अगस्त 2023 तक का है, जिससे कारण अधिकारियों और सरकार की चिंता बढ़ गई है। एक रिपोर्ट के अनुसार आत्महत्यों का सबसे ज्यादा आंकड़ा बीड जिले से है, जहां अब तक 186 किसान मौत को गले लगा चुके हैं। बीड महाराष्ट्र के वर्तमान कृषि मंत्री धनंजय मुंडे का गृह जनपद है। मुंडे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अजित पवार गुट का हिस्सा हैं, जिसने हाल ही में शरद पवार के नेतृत्व को ठुकराते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल होने का फैसला किया था। मुंडे को इसके दो हफ्ते बाद ही शिंदे सरकार में कृषि मंत्रालय की जिम्मेदारी मिल गई थी। मध्य महाराष्ट्र का इस शुष्क क्षेत्र में आठ शहर- औरंगाबाद, जालना, बीड, परभनी, नांदेड, उस्मानाबाद, हिंगोली और लातूर हैं। यहां के डिवीजनल कमिश्नर के कार्यालय की रिपोर्ट के अनुसार एक जनवरी 2023 से 31 अगस्त 2023 के बीच मराठवाड़ा में 685 किसानों ने आत्महत्या कर ली। इनमें से 294 ने अपनी जान मानसून के महीनों यानी जून से अगस्त के बीच दे दी। महाराष्ट्र का मराठवाड़ा क्षेत्र इस साल भी बारिश की कमी से जूझ रहा है। यहां इस मानसून सीजन में 20.7 फीसदी तक कम बारिश हुई है। क्षेत्र में 11 सितंबर तक 455.4 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो कि मानसून में होने वाली औसत 574.4 मिमी बारिश से काफी कम है। यह घटना शिंदे सरकार की सारी कलई खोल रही है उन्होंने जितने भी किसानों के वादे किए गए थे, वह सारे झूठे साबित हो रहे हैं। महाराष्ट्र से ही बीते सालों में कई 'किसान आंदोलन' उभरे है , उन सभी किसान आंदोलनों का मुख्य मुद्दा किसानों के द्वारा की जाने वाली आत्महत्या भी था।