Molitics Logo
होम यूपी चुनाव : राजा भैया की हुंकार, कहा- प्रदेश की 100 से अधिक सीटों पर लड़ेंगे चुनाव

यूपी चुनाव : राजा भैया की हुंकार, कहा- प्रदेश की 100 से अधिक सीटों पर लड़ेंगे चुनाव

यूपी चुनाव : राजा भैया की हुंकार, कहा- प्रदेश की 100 से अधिक सीटों पर लड़ेंगे चुनाव
फोटो: यूपी चुनाव : राजा भैया की हुंकार, कहा- प्रदेश की 100 से अधिक सीटों पर लड़ेंगे चुनाव

यूपी में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासत तेज हो गई है। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया पूरे प्रदेश में जनसेवा संकल्प यात्रा निकाल रहे हैं। उनकी यह यात्रा गुरुवार को झांसी पहुंची जहां कार्यकर्ताओं का बढ़िया समर्थन मिला। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि शिवपाल सिंह यादव से मुलाकात एक शिष्टाचार भेंट थी। उनसे गठबंधन को लेकर कोई चर्चा नहीं की गई है। हालांकि सभी राजनीतिक दलों से उन्होंने गठबंधन के किसी भी विकल्प को बंद नहीं किया।

राजा भैया ने बताया कि 2018 में पार्टी का गठन किया गया था। जिसके बाद कोविड-19 का कहर शुरू हो गया और जनसंपर्क, सभाएं व रेली आयोजित नहीं हो पाई। अब जनसंपर्क जन सेवा संकल्प यात्रा के माध्यम से कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से मुलाकात की जा रही है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी 100 से अधिक सीटों पर अपने प्रत्याशी पूरी मजबूती के साथ उतारेगी। जिसके बहुत ही शानदार परिणाम सामने आएंगे। 

इस दौरान उन्होंने पार्टी के तमाम वरिष्ठ पदाधिकारियों का भी परिचय दिया और बताया कि आमतौर पर नया दल तब बनाया जाता है, जब किसी को लगने लगे कि उसके दल में उसकी महत्वता कम हो रही है। उसके अधिकारों में कटौती की जा रही है। कुछ ऐसा ही था, जब जनसत्ता दल लोकतांत्रिक का गठन हुआ।

उन्होंने कहा कि कोई भी क्षेत्रीय दल किसी जाति विशेष को लेकर यदि बनाया भी जाता है, तो उनका विधानसभा अथवा लोकसभा में खाता तभी खुलता है जब वे किसी बड़े दल से गठबंधन कर लेते हैं, लेकिन हमारी पार्टी ऐसी नहीं है। अपने वरिष्ठ पदाधिकारियों के बारे में बताते हुए उन्होंने उनका  परिचय दिया और उनके लंबे राजनीतिक कैरियर की भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पार्टी को मजबूती के लिए ही यह जन सेवा संकल्प यात्रा निकाली जा रही है।

रिपोर्टर - मदन यादव

यह भी पढ़ें - मां गंगा के आंचल में बसे उन्नाव के लिए कुछ भी कर पाऊं ये मेरा सौभाग्य- योगी आदित्यनाथ