Molitics Logo
होम मध्यप्रदेश में दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या, बचाने गई माँ को निर्वस्त्र कर पीटा!

मध्यप्रदेश में दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या, बचाने गई माँ को निर्वस्त्र कर पीटा!

मध्यप्रदेश में दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या, बचाने गई माँ को निर्वस्त्र कर पीटा!
फोटो: मध्यप्रदेश में दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या, बचाने गई माँ को निर्वस्त्र कर पीटा!
24 अगस्त को मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के सागर जिले के खुरई देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव बरोदिया नौनागिर में एक दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, अपने बेटे को पीटता हुआ देख उसकी माँ बचाने के लिए पहुँची मगर आरोपियों ने दलित युवक के मां निर्वस्त्र किया और उसे भी जमकर पीट दिया। इस घटना को लेकर कांग्रेस व बहुजन समाज पार्टी ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा है। दरअसल, कुछ दिनों पहले मृतक युवक की बहन के साथ आरोपियों ने छेड़छाड़ की थी, जिसके लिए उनपर केस दर्ज हुआ था, आरोपी चाहते थे उनपर लगे केस हट जाए और पीड़ित परिवार अपनी राजीनामा दे दे।


जानकारी के अनुसार, इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने 9 नामजद और चार अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और मुख्य आरोपी समेत 8 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जिनमें 41 वर्षीय मुख्य आरोपी विक्रम सिंह ठाकुर समेत 36 वर्षीय आजाद ठाकुर, 37 वर्षीय इस्लाम खान, 36 वर्षीय गोलू उर्फ सुशील कुमार सोनी, 28 वर्षीय अनीश खान, 22 वर्षीय गोलू उर्फ फरीम खान, 28 वर्षीय अभिषेक रैकवार और 19 वर्षीय अरबाज खान पुलिस के गिरफ्त में हैं। पुलिस फरार आरोपी कोमल सिंह ठाकुर समेत अन्य की तलाश कर रही है।


Dalit youth thrashed to death in Madhya Pradesh

 

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मृतक युवक की बहन ने अपने बयान में कहा- 'मैंने हाथ जोड़े कि भाई को छोड़, उन्होंने नहीं छोड़ा। 'गांव के विक्रम सिंह, कोमल सिंह और आजाद सिंह घर पर आए थे। मां से कहने लगे कि राजीनामा कर लो। मां ने कहा कि जब पेशी होगी तो उसी दिन राजीनामा कर लेंगे तो उन्होंने कहा कि क्या आपको अपने बच्चों की जान प्यारी नहीं है। ऐसा बोलकर वह धमकी देकर गए कि जो हमें जहां मिलेगा, उसको निपटा देंगे। हमारा छोटा भाई बस स्टैंड के पास सब्जी लेने गया था। वहां से आ रहा था, रास्ते में आरोपी उसके साथ मारपीट करने लगे। वह भागने लगा तो कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया, उसके साथ बहुत मारपीट की।'

मृतक की बहन ने आगे कहा कि 'मम्मी जब बाजार की तरफ गईं तो देखा कि वे भाई के साथ मारपीट कर रहे हैं तो मम्मी उसको बचाने पहुंची। आरोपियों ने मम्मी को भी पीटा, जब हम गए तो मैंने मोबाइल निकाला और पुलिस को कॉल करने लगी तो मोबाइल छुड़ा लिया। इन लोगों ने मेरे साथ भी मारपीट शुरू कर दी। मैंने हाथ जोड़े, पैर पड़कर कहा कि मेरे भाई को छोड़ दो, उन्होंने नहीं छोड़ा।'

युवक की बहन ने कहा कि 'आरोपियों ने भाई और मां को बहुत मारा। फिर वहां से मैं भागी, उन लोगों ने मेरा पीछा किया, मैं जंगल में जाकर छिप गई। आरोपियों ने इससे पहले मेरे साथ छेड़छाड़ की थी, मुझे धमकी दी कि यहीं 376 कर देंगे, जिससे शिकायत करना है कर देना। इसके बाद मां को बेपर्दा कर दिया, उस समय वहां 70 लोग मौजूद थे, भाई बेहोश पड़ा था। इसके बाद वह भाग गए।'

इस पूरे मामले पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- "दलित उत्पीड़न पर चूं तक नहीं करते प्रधानमंत्री," उन्होंने आगे कहा कि 'मध्य प्रदेश के सागर में एक दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। गुंडों ने उसकी मॉं को भी नहीं बख्शा। सागर में संत रविदास मंदिर बनवाने का ढोंग रचने वाले प्रधानमंत्री मध्य प्रदेश में लगातार होते दलित व आदिवासी उत्पीड़न एवं अन्याय पर चूं तक नहीं करते। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री केवल कैमरे के सामने वंचितों के पैर धोकर अपना गुनाह छुपाने की कोशिश करते हैं।' खड़गे ने आगे लिखा, 'भाजपा ने मध्य प्रदेश को दलित अत्याचार की प्रयोगशाला बना रखा है। भाजपा शासित मध्य प्रदेश में दलितों के खिलाफ अपराधों का रेट सबसे ज्यादा है, राष्ट्रीय औसत से भी तीन गुना है। मोदी जी, इस बार मध्य प्रदेश की जनता भाजपा के झांसे में नहीं आने वाली है। समाज के वंचित व शोषित वर्ग को तड़पाने-तरसाने का जवाब आपको कुछ महीने बाद मिल जाएगा। भाजपा की विदाई निश्चित है।'

सागर जिले के इस घटना को लेकर बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती बोलीं संत रविदास के भक्तों पर जुल्म-ज्यादती चरम सीमा पर। बसपा सुप्रीमो मायावती (Mayawati) ने ट्वीट करते हुए कहा- 'मध्य प्रदेश के सागर में जहां अभी हाल ही में पीएम नरेंद्र मोदी ने संतगुरु रविदास जी का स्मारक बनाने की नींव बड़े तामझाम से रखी, उसी क्षेत्र में उनके भक्तों के साथ जुल्म-ज्यादती चरम सीमा पर है, जो भाजपा और उनकी सरकार के दोहरे चरित्र का जीता-जागता प्रमाण है।' मायावती ने आगे कहा, 'खुरई विधानसभा क्षेत्र में मंत्री के गुर्गे दलित लड़की के साथ छेड़छाड़ के बाद राजीनामा न करने पर युवक की पीट-कर हत्या कर देते हैं। मां को निर्वस्त्र कर हाथ तोड़ देते हैं। बहन के साथ मारपीट कर घर को ढहा देते हैं। ऐसा भयानक दृश्य भाजपा के शासन में हो रहा है। 'इस प्रकार की क्रूर जातिवादी घटनाओं की जितनी भी निंदा की जाए, वह कम है। मध्यप्रदेश सरकार में ऐसी और भी जघन्य घटनाएं लगातार होती रही हैं, किंतु न तो भाजपा और न ही उनकी सरकार इसकी रोकथाम के लिए गंभीर नजर आती है। यह अति दु:खद, निंदनीय और चिंतनीय है।'


 

वहीं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) ने भी मध्यप्रदेश सरकार पर हमला बोला है उन्होंने ट्वीट कर कहा- 'सागर में भाजपा का अनुसूचित जाति व अनुसूचित जन जाति के ग़रीब लोगों पर अत्याचार बढ़ता जा रहा है। संत रविदास जी महाराज का मंदिर बनाने से इन ग़रीबों का भला नहीं होगा। इन्हें अधिकार देना पड़ेगा। मैं स्वयं रक्षा बंधन पर इस परिवार से मिलने जाऊँगा। दोषियों पर सख़्त कार्यवाही हो।'

 फिलहाल गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और पुलिस द्वारा फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।



यह भी पढ़ें - INDIA गठबंधन की तीसरी बैठक 31 अगस्त से 1 सितंबर तक, गठबंधन में अन्य पार्टियों होंगी शामिल !