नए कृषि कानूनों के विरोध में किसानों का आंदोलन पिछले 27 दिनों से जारी है, किसानों की सिर्फ एक मांग है कि सरकार ये कानून वापस ले वहीं सरकार का कहना है कि तीनों कानून किसानों की भलाई के लिए है, कानूनों को लेकर किसानों के मन में विपक्ष भ्रम पैदा कर रहा।
इस भ्रम को दूर करने के लिए सरकार लगातार कानूनों से जुड़ी जानकारी किसानों तक पहुंचा रही, जैसे mygov.in के ट्विटर हैंडल से “क्या आप जानते हैं नए कृषि कानूनों का यह सच” सीरीज के तहत ट्वीट कर झूठ-सच बताया जा रहा। इस बीच बीजेपी कृषि कानूनों पर जो पंजाब में विज्ञापन चला रही उनपर एक किसान की फोटो है, किसान का नाम हरप्रीत है, जो होशियारपुर के रहने वाले हैं। 'पोस्टर बॉय' हरप्रीत किसानी के साथ एक्टिंग भी करते हैं, उन्होंने अब आरोप लगाया है कि BJP ने गैरकानूनी तरीके से उनकी उस तस्वीर का इस्तेमाल किया है जो उन्होंने करीब 6-7 साल पहले सोशल मीडिया पर डाली थी।
उन्होंने बताया कि उनके एक दोस्त ने उन्हें इस बात की जानकारी दी, लोग लगातार उन्हें फोन कर BJP का पोस्टर बॉय कह रहे, इस बात से नाराज हरप्रीत ने अब BJP को लीगल नोटिस भेजने का फैसला किया है।
हरप्रीत का साफ कहना है कि वे BJP के नहीं बल्कि किसानों के पोस्टर बॉय हैं और करीब 15-16 दिनों से सिंघू बॉर्डर पर किसानों के साथ अपने हक की लड़ाई लड़ रहे।
विज्ञापन में BJP की पंजाब यूनिट ने MSP पर उठी शंकाओं को दूर करने की कोशिश की है, यह ऐड सोमवार को अपने फेसबुक पेज पर शेयर किया था, विज्ञापन में हरप्रीत की तस्वीर एक कोने पर दिखाया गया है।
सरकार और किसान संगठनों के बीच अब तक 5 दौर की बातचीत हो चुकी है पर अब तक कोई हल नहीं निकला है, किसान और सरकार अपनी अपनी बातों पर अड़े हुए हैं।

