यूपी में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासत तेज हो गई है, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी यूपी में अपनी सियासी जमीन तलाश करने में जुटे हैं। रविवार को उन्होंने कानपुर में आयोजित सभा के जरिए सभी पार्टियों पर हमला बोला।
ओवैसी ने कहा- खुद को सेक्युलर बोलने वाली सपा, बसपा, कांग्रेस ने मुस्लिमों को बैंड बाजा वाला बनाकर रख दिया है, जैसे बैंड बाजा वाला खूब शानो शौकत से दूल्हे को मंडप तक पहुंचा देता है और उसके बाद उसे बोल दिया जाता है कि तुम अंदर नहीं जा सकते, ठीक यही हालत यूपी में मुस्लिमों का हो गया है।
उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर चुटकी लेते हुए कहा- पिछले चुनाव में कांग्रेस और सपा ने गठबंधन किया लेकिन नतीजा क्या निकला ये सबको पता है, लोकसभा में सपा ने बसपा के साथ गठबंधन किया लेकिन उसके बाद भी कुछ नहीं हासिल हुआ। राहुल गांधी वायनाड से इसलिए जीते क्योंकि वहां 35 फीसदी मुस्लिम है। लेकिन अमेठी में हार गए क्योंकि यहां मुस्लिम कम हैं।
ओवैसी ने कहा- यूपी में हर जाति का एक नेता है, यादव समाज अखिलेश को अपना नेता मानता है, कुर्मी समाज अनुप्रिया को, जाटव समाज मायावती को, ठाकुर वर्ग योगी आदित्यनाथ को अपना नेता मानता है लेकिन प्रदेश के 19 फीसदी मुस्लिम मतदाताओं का कोई नेता नहीं है।
इसके पहले चकेरी के गज्जूपुरवा स्थित आकिल कंपाउंड पहुंचे ओवैसी का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान कई कार्यकर्ताओं अनुशासनहीनता दिखाई। कई फर्जी नारे लगाए जिसके बाद ओवैसी ने मंच से ही नाराजगी जताई। कार्यक्रम खत्म होने के बाद वह मीडिया से कोई बात किए बिना ही वहां से चले गए।
रिपोर्ट - कमर आलम (कानपुर)

