हिंसा के पश्चात शाही जामा मस्जिद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पूर्णतः सुदृढ़ की गई है। शुक्रवार को जुमा की नमाज पिछले तीन जुमा की तरह इस बार भी त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में संपन्न होगी। शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए मस्जिद परिसर में पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहेगा। मस्जिद के सभी प्रवेश मार्गों पर बैरिकेड्स और बांस-बल्ली की बाड़बंदी की गई है। नमाजियों को मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद ही मस्जिद में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी
नमाज के दौरान मस्जिद कमेटी के स्वयंसेवक भी चारों ओर तैनात रहेंगे। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से भी सतत निगरानी की जाएगी। गुरुवार को एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने एएसपी, सीओ असमोली आलोक सिद्धू, पुलिस-पीएसी, आरआरएफ और आरएएफ के साथ बल्ले की पुलिया से पैदल मार्च किया। उन्होंने सुरक्षा में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने के निर्देश दिए तथा जामा मस्जिद क्षेत्र का निरीक्षण कर नमाज के दौरान सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की।





