प्रियंका गांधी का बचाव: राहुल गांधी सेना का बेहद सम्मान करते हैं
संसद जाते समय पत्रकारों से बातचीत में प्रियंका गांधी ने कहा, “राहुल गांधी सेना का बेहद सम्मान करते हैं। उनका बयान तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है। मेरा भाई कभी सेना के खिलाफ कुछ नहीं कहेगा।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि, “सच्चा भारतीय कौन है, यह तय करना किसी एक संस्था या व्यक्ति का अधिकार नहीं है। विपक्ष का दायित्व है सवाल पूछना और सरकार को जवाबदेह बनाना।”
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी जो मुद्दा उठा रहे थे, वह हर राष्ट्रवादी भारतीय की चिंता है। जब हम संसद में सवाल करते हैं तो जवाब नहीं मिलता, और जब बाहर सवाल पूछते हैं, तो हमें देशद्रोही ठहरा दिया जाता है। सवाल पूछना देशद्रोह नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आत्मा है।”
सुप्रीम कोर्ट की आपत्ति क्या थी?
सुप्रीम कोर्ट में चल रही सुनवाई के दौरान राहुल गांधी की ओर से दायर याचिका पर विचार करते हुए अदालत ने तीखे सवाल पूछे। अदालत ने उनके वकीलों से पूछा, “आपको यह कैसे पता चला कि चीन ने भारत की ज़मीन पर कब्जा कर लिया है? क्या आपके पास कोई सबूत है?” अदालत ने यह भी कहा कि ऐसे गंभीर आरोप सार्वजनिक मंचों या सोशल मीडिया पर लगाने की बजाय, उन्हें संसद में उठाया जाना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद भारतीय जनता पार्टी ने राहुल गांधी पर तीखा हमला किया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी हमेशा देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले बयान देते हैं और सेना के मनोबल को गिराते हैं।





