गजपति राजू बनाए गए गोवा के राज्यपाल
आंध्र प्रदेश के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति अशोक गजपति राजू को गोवा का राज्यपाल बनाया गया है। वे तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) के प्रमुख चेहरों में से एक हैं और चंद्रबाबू नायडू के विश्वस्त माने जाते हैं। अपने राजनीतिक करियर में उन्होंने केंद्र में नागरिक उड्डयन मंत्री सहित कई अहम जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। उनकी नियुक्ति को प्रशासनिक मजबूती की दृष्टि से अहम माना जा रहा है।
जम्मू-कश्मीर के पूर्व उपमुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता कविंद्र गुप्ता को लद्दाख का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे जम्मू-कश्मीर विधानसभा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। पीडीपी-बीजेपी गठबंधन सरकार के दौरान वे उपमुख्यमंत्री पद पर रहे थे। उनकी नियुक्ति से लद्दाख में केंद्र के विकास और प्रशासनिक एजेंडे को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। लद्दाख के पूर्व उपराज्यपाल ब्रिगेडियर (डॉ.) बी.डी. मिश्रा (सेवानिवृत्त) का इस्तीफा राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद कविंद्र गुप्ता को यह जिम्मेदारी सौंपी गई।





