डीएमके की बैठक का आयोजन
द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) की एक बैठक आज चेन्नई में पार्टी अध्यक्ष एम के स्टालिन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में अभिजीत दीपके के नेतृत्व वाले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को समर्थन देने का निर्णय लिया गया। चार महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई, जिनमें छात्र आंदोलन के प्रति समर्थन व्यक्त किया गया।
इस बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को उनके पद से हटाने की मांग भी की गई। शनिवार सुबह 11:00 बजे चेन्नई के अन्ना अरिवलयम स्थित DMK मुख्यालय के मुरासोली मारन मीटिंग हॉल में सांसदों की यह बैठक हुई।
कांग्रेस और TVK का दोहरा मापदंड
बैठक में एक प्रस्ताव पारित किया गया, जिसमें कांग्रेस और विजय के नेतृत्व वाली TVK के दोहरे मापदंडों की आलोचना की गई। प्रस्ताव में यह भी कहा गया कि हाल ही में TVK के साथ मंच साझा करने वाले लोकतांत्रिक दलों ने यह सवाल उठाया है कि विजय ने SIR के खिलाफ या ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग पर अब तक कोई प्रतिक्रिया क्यों नहीं दी।
डीएमके ने दोनों दलों को चेतावनी दी है कि वे जनता को गुमराह करना बंद करें और DMK को बेवजह उकसाकर राजनीतिक तनाव को बढ़ाने से बचें।
राष्ट्रपति को याचिका सौंपने का निर्णय
डीएमके चुनावी अनियमितताओं को दूर करने के लिए भारत के राष्ट्रपति को एक याचिका सौंपने का निर्णय लिया है। बैठक में SIR को पूरी तरह से रद्द करने, EVM के स्थान पर बैलेट पेपर से मतदान की प्रक्रिया पुनर्स्थापित करने की आम सहमति बनी।
इस तरह के सुधारात्मक कदम उठाने की मांग को लेकर डीएमके राष्ट्रपति को याचिका प्रस्तुत करेगी।
SIR का विरोध और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई
डीएमके के प्रस्ताव के अनुसार, मुख्यमंत्री रहते हुए एम के स्टालिन ने पहली बार जुलाई 2025 में बिहार में SIR के माध्यम से मतदाताओं के नाम हटाने के मामले को उठाया था। स्टालिन ने इस मुद्दे को लेकर 'वोटर अधिकार यात्रा' में भी भाग लिया था।
प्रस्ताव में यह भी कहा गया कि 27 अक्टूबर 2025 को निर्वाचन आयोग ने तमिलनाडु सहित 12 राज्यों में SIR कराने की घोषणा की थी, जिसके खिलाफ DMK ने कड़ा विरोध दर्ज कराया।
डीएमके का यह भी कहना है कि मौसमी त्योहारों और मॉनसून के दौरान यह प्रक्रिया लागू करना व्यावहारिक नहीं है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने अन्य दो चुनाव आयुक्तों के विरोध के बावजूद एकतरफा निर्णय लिए हैं, इसलिए उन्हें तुरंत पद से हटाकर उचित जांच की जानी चाहिए।
कनिमोझी का समर्थन
बैठक के बाद DMK की सांसद कनिमोझी ने कहा, "जब CJP के नेताओं को गिरफ्तार किया गया था, तब भी हमने उनका समर्थन किया था। कल चेन्नई में हो रहे विरोध-प्रदर्शन में मैं स्वयं शामिल हुई, ताकि उनसे मिलकर यह कह सकूं कि हमारे नेता और हमारी पार्टी उनके साथ खड़ी है।"





