भाजपा का आरोप, विपक्ष ने संसद का किया उपहास
मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) के खिलाफ 'इंडिया' गठबंधन द्वारा आयोजित प्रतीकात्मक जन महाभियोग को लेकर भाजपा ने विपक्ष पर संसद का उपहास करने का आरोप लगाया। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस चाहे जितनी बार राहुल गांधी को पेश करने की कोशिश करे, वह सफल नहीं होगी। उन्होंने कहा, 'आप 'प्रतीकात्मक संसद' आयोजित करें या मार्च निकालें, दुनिया समझ चुकी है कि राहुल गांधी के पास आगे बढ़ने के लिए कोई ईंधन नहीं है। यह 'सैटेलाइट' कभी लॉन्च नहीं होने वाला।'
राहुल गांधी को 'मॉक प्रधानमंत्री' बनाने की सलाह
संबित पात्रा ने सुझाव दिया कि विपक्ष राहुल गांधी को जीवनभर के लिए 'मॉक प्रधानमंत्री' बनाए रख सकता है। भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में अनियमितताओं और निर्वाचन आयोग की कार्यशैली को लेकर झूठ फैला रही है। उन्होंने कहा, 'आपकी मॉक संसद को खत्म न करें, बस राहुल गांधी को सत्ता पक्ष की ओर बिठा दें और उन्हें वहीं बैठने दें।'
विश्व बैंक की रिपोर्ट पर भाजपा का हमला
भाजपा ने विश्व बैंक की एक ताजा रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन के प्रतीकात्मक संसद को मजाक का पात्र बताया। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में अत्यंत गरीबी की दर 2011 में 27.1 प्रतिशत से घटकर 2023 में 2.6 प्रतिशत हो गई है। भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, 'विश्व बैंक के आंकड़ों ने उनके 'प्रतीकात्मक संसद' को मजाक का पात्र बना दिया।'
कांग्रेस पर अराजकता फैलाने का आरोप
भाजपा के राज्यसभा सदस्य सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने राहुल गांधी के उस बयान की आलोचना की जिसमें उन्होंने कहा था कि 'भारतीय अर्थव्यवस्था बर्बाद हो चुकी है'। त्रिवेदी ने कहा, 'विश्व बैंक की रिपोर्ट से साफ है कि भारतीय अर्थव्यवस्था नहीं, बल्कि विपक्ष की अंतरात्मा मर चुकी है।' उन्होंने कांग्रेस से गंभीरता से सोचने का आग्रह किया कि वास्तविकता क्या है और कल्पना क्या है।




