Molitics Logo
होम राष्ट्रीय राहुल गांधी के विरुद्ध BJP ने दर्ज कराई हत्या के प्रयास और आपराधिक कृत्य की शिकायत
राष्ट्रीय

राहुल गांधी के विरुद्ध BJP ने दर्ज कराई हत्या के प्रयास और आपराधिक कृत्य की शिकायत

बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी को कानून का उल्लंघन करने की आदत है। उनकी धक्का-मुक्की से दो सांसद गिरकर घायल हुए हैं।

राहुल गांधी के विरुद्ध BJP ने दर्ज कराई हत्या के प्रयास और आपराधिक कृत्य की शिकायत
फोटो: राहुल गांधी के विरुद्ध BJP ने दर्ज कराई हत्या के प्रयास और आपराधिक कृत्य की शिकायत
संसद में धक्का-मुक्की को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। बीजेपी ने राहुल गांधी पर अपने सांसदों को धक्का देने का गंभीर आरोप लगाया है, जिसमें दो सांसद घायल होकर अस्पताल में भर्ती हैं। एक महिला सांसद ने भी राहुल गांधी पर आरोप लगाया है। इस घटना के संदर्भ में बीजेपी और कांग्रेस, दोनों ने संसद मार्ग थाने में शिकायत दर्ज कराई है। बीजेपी ने अपनी शिकायत में राहुल गांधी पर हत्या का प्रयास तक का आरोप लगाया है।

बीजेपी ने राहुल गांधी के विरुद्ध संसद मार्ग थाने में विधिवत शिकायत दर्ज कराई है। बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी को कानून का उल्लंघन करने की आदत है। उनकी धक्का-मुक्की से दो सांसद गिरकर घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि हत्या के प्रयास की धाराओं में शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसमें BNS की धारा 109 भी शामिल है।

 ठाकुर ने कहा कि घटना के बाद भी राहुल गांधी का अहंकार बरकरार रहा और वे घायल सांसदों से मिले बिना ही चले गए। उनका मानना है कि राहुल गांधी स्वयं को कानून से ऊपर समझते हैं। कांग्रेस द्वारा भी शिकायत दर्ज कराए जाने पर ठाकुर ने कहा कि यह उल्टा चोर कोतवाल को डांटे जैसा है। उन्होंने कहा कि यही राहुल गांधी हैं जो अपनी सरकार के समय में सरकारी अध्यादेश को फाड़ देते थे। उन्होंने यह भी कहा कि यही कांग्रेस है जिसने बाबा साहेब आंबेडकर का बार-बार अपमान किया।

राहुल गांधी के खिलाफ BNS की इन धाराओं में दी गई शिकायत-

- धारा 109: हत्या का प्रयास 
- धारा 115: स्वेच्छा से चोट पहुंचाना 
- धारा 117: स्वेच्छा से गंभीर चोट पहुंचाना 
- धारा 121: सरकारी कर्मचारी को उसके कर्तव्य से विचलित करने के लिए चोट पहुंचाना 
- धारा 351: आपराधिक धमकी 
- धारा 125: दूसरों की सुरक्षा को खतरे में डालना