अतरौली के शिक्षक से राजनीति की शुरुआत कल्याण सिंह का जन्म अलीगढ़ के अतरौली तहसील के मढ़ोली गांव में एक साधारण लोध परिवार में हुआ था। शुरुआती दौर में उनका जुड़ाव राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से हुआ। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने अतरौली के एक स्कूल में शिक्षक के रूप में काम किया और स्थानीय स्तर पर संगठन निर्माण से जुड़े रहे। 1967 में जनसंघ ने उन्हें अतरौली से विधानसभा चुनाव लड़ाया, जिसमें वे जीतकर पहली बार विधानसभा पहुंचे।
बीजेपी के उभार के साथ बढ़ी भूमिका आपातकाल के दौरान जेल जाने के बाद कल्याण सिंह जनता पार्टी के दौर की राजनीति में सक्रिय रहे। 1980 में भारतीय जनता पार्टी के गठन के बाद वे इसके प्रमुख नेताओं में शामिल हुए। 1990 के दशक में राम मंदिर आंदोलन के दौरान उत्तर प्रदेश में उनकी भूमिका तेजी से बढ़ी। 1991 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 221 सीटें जीतकर राज्य में पहली बार अपने दम पर बहुमत हासिल किया और 24 जून 1991 को कल्याण सिंह मुख्यमंत्री बने।
अयोध्या विवाद और मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा कल्याण सिंह के मुख्यमंत्री रहते अयोध्या आंदोलन निर्णायक दौर में पहुंचा। 6 दिसंबर 1992 को विवादित ढांचा गिराए जाने के बाद उन्होंने इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे दिया। इसके बाद उत्तर प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लागू हुआ। 1994 में सुप्रीम कोर्ट ने अयोध्या से जुड़े एक अवमानना मामले में उन्हें दोषी ठहराते हुए एक दिन की सजा और जुर्माना लगाया।
सत्ता संघर्ष, बीजेपी से दूरी और वापसी 1997 में कल्याण सिंह दूसरी बार मुख्यमंत्री बने, लेकिन बीजेपी-बसपा गठबंधन जल्द टूट गया। 1998 में उनकी सरकार को बर्खास्त किया गया, जिसके बाद हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट की प्रक्रिया के बाद शक्ति परीक्षण में उन्होंने बहुमत साबित किया। हालांकि 1999 में बीजेपी नेतृत्व से उनके मतभेद बढ़े और उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। उन्होंने राष्ट्रीय क्रांति पार्टी बनाई और बाद में मुलायम सिंह यादव के साथ भी राजनीतिक समीकरण बनाए।
बाद में वे बीजेपी में लौटे और 2014 के बाद राजस्थान के राज्यपाल नियुक्त हुए। 21 अगस्त 2021 को उनका निधन हो गया। उनकी राजनीतिक विरासत में अयोध्या आंदोलन, उत्तर प्रदेश में बीजेपी के शुरुआती विस्तार और पिछड़े वर्ग के नेतृत्व की भूमिका प्रमुख रूप से देखी जाती है।
इस पूरी खबर को वीडियो फॉर्मेट में देखिए के लिए, क्लिक करें नीचे दिए गए लिंक पर - https://youtu.be/DX-yPlHNEOM?si=FV8s0eumIJkmcDHT





