फरवरी 2026 में रिकॉर्ड ऊंचाई के करीब पहुंचने के बाद सोने की कीमत में लगातार गिरावट देखने को मिली है। दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत फरवरी में करीब ₹1,70,305 प्रति 10 ग्राम थी, जो 20 नवंबर तक घटकर करीब ₹1,26,875 रह गई। यानी करीब नौ महीने में 10 ग्राम सोने की कीमत ₹43,430 कम हुई है।
सोने की कीमतों में इस गिरावट ने निवेशकों और महंगे दाम पर सोना खरीदने वालों की चिंता बढ़ा दी है। वहीं, शादी के सीजन या लंबे समय से खरीदारी का इंतजार कर रहे लोगों के सामने सवाल है कि क्या मौजूदा भाव पर सोना खरीदना चाहिए या कीमतों में अभी और गिरावट आ सकती है।
चार साल में तीन गुने से ज्यादा बढ़ा था सोना
सोने की मौजूदा गिरावट को समझने के लिए पिछले कुछ वर्षों के भाव पर नजर डालना जरूरी है। फरवरी 2022 में दिल्ली में 10 ग्राम सोने की कीमत करीब ₹51,715 थी। फरवरी 2024 में यह बढ़कर ₹64,185 हुई और फरवरी 2026 तक कीमत ₹1.70 लाख के पार पहुंच गई। यानी चार साल में सोने की कीमत तीन गुने से भी ज्यादा बढ़ चुकी थी।
सोने की मांग को मोटे तौर पर ज्वेलरी, इलेक्ट्रॉनिक्स, केंद्रीय बैंकों की खरीद और निवेश के हिस्से में बांटा जा सकता है। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के मुताबिक निवेश से जुड़ी मांग सबसे बड़ा हिस्सा है, जबकि केंद्रीय बैंक भी पिछले कुछ वर्षों से लगातार सोने के भंडार बढ़ा रहे हैं।
युद्ध और आर्थिक अनिश्चितता ने बढ़ाई सोने की मांग
रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद वैश्विक स्तर पर आर्थिक और भू-राजनीतिक अनिश्चितता बढ़ी। इसके बाद पश्चिम एशिया में इजराइल, गाजा और ईरान से जुड़ी घटनाओं ने भी बाजार में अस्थिरता बढ़ाई। ऐसे माहौल में निवेशक अक्सर सोने को सुरक्षित निवेश विकल्प मानते हैं।
युद्ध के दौरान तेल और परिवहन लागत बढ़ने से महंगाई का दबाव भी बढ़ सकता है। इसी वजह से पिछले कुछ वर्षों में आम निवेशकों के साथ-साथ कई देशों के केंद्रीय बैंकों ने भी सोने की खरीद बढ़ाई।
लेकिन 2026 में सोने की कीमतों की दिशा अचानक बदल गई। फरवरी के आखिर में रिकॉर्ड स्तर के करीब पहुंचने के बाद सोना गिरने लगा। इसके पीछे अमेरिका की ब्याज दरों से जुड़ी नीतियों को बड़ी वजह माना गया।
अमेरिकी ब्याज दर बढ़ने से सोने पर पड़ा दबाव
सोने की कीमतों में गिरावट के पीछे अमेरिका के फेडरल रिजर्व की ब्याज दर नीति अहम रही। जब ब्याज दरें बढ़ती हैं तो सरकारी बॉन्ड और दूसरे ब्याज देने वाले निवेश विकल्प निवेशकों के लिए ज्यादा आकर्षक हो जाते हैं।
ऐसे में कुछ निवेशक सोने जैसी गैर-ब्याज वाली संपत्ति से पैसा निकालकर बॉन्ड में लगाने लगते हैं। इससे सोने की मांग पर दबाव पड़ता है और कीमत नीचे आ सकती है। सितंबर 2026 में अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर बढ़ाए जाने के बाद बाजार में इसी तरह की प्रतिक्रिया देखने को मिली। इसके साथ डॉलर की मांग भी बढ़ सकती है। चूंकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत मुख्य रूप से डॉलर में तय होती है, मजबूत डॉलर भी सोने की कीमतों पर दबाव डाल सकता है।
क्या सोना अभी और सस्ता होगा?
सोने की कीमत आगे और गिरेगी या फिर दोबारा बढ़ेगी, इसका निश्चित अनुमान लगाना मुश्किल है। अगर वैश्विक तनाव बढ़ता है, शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट आती है या केंद्रीय बैंक बड़ी मात्रा में सोना खरीदते रहते हैं, तो सोने की कीमतों को फिर से समर्थन मिल सकता है।
वहीं, अगर अमेरिका में ब्याज दरें ऊंची बनी रहती हैं और निवेशकों को बॉन्ड से बेहतर रिटर्न मिलता है, तो सोने पर दबाव जारी रह सकता है। इसलिए मौजूदा गिरावट को सोने की कीमतों में स्थायी बदलाव मानना जल्दबाजी होगी।
भारत में सोने की कीमत कैसे तय होती है?
भारत में सोने का खुदरा भाव केवल अंतरराष्ट्रीय बाजार की कीमत पर निर्भर नहीं करता। विदेश से सोना खरीदने की लागत, आयात शुल्क, टैक्स और अन्य खर्च भी अंतिम कीमत को प्रभावित करते हैं। इसके अलावा सोने की शुद्धता के हिसाब से भी कीमत बदलती है।
24 कैरेट सोना लगभग शुद्ध होता है, जबकि ज्वेलरी में आमतौर पर 22 कैरेट सोने का इस्तेमाल होता है। 22 कैरेट सोने में करीब 91.6 फीसदी सोना होता है, जिसे 916 गोल्ड कहा जाता है। ज्वेलरी खरीदते समय केवल सोने के बाजार भाव को नहीं देखना चाहिए। मेकिंग चार्ज और लागू जीएसटी भी अंतिम कीमत में जुड़ते हैं। इसी कारण दुकान पर मिलने वाली ज्वेलरी की कीमत और केवल 10 ग्राम सोने के बाजार भाव में अंतर होता है।
इस पूरी खबर को वीडियो फॉर्मेट में देखिए के लिए, क्लिक करें नीचे दिए गए लिंक पर - https://youtu.be/Og5cQXQ5ONw?si=nq-JmMrzi0DA1any





