करीब 200 देश जुटे, दो दिन अतिरिक्त बातचीत भी हुई, लेकिन जीवाश्म ईंधन के इस्तेमाल को कम करने और गरीब देशों को आर्थिक मदद देने पर दुनिया एकमत नहीं हो सकी। तुर्किये में हुआ COP31 सम्मेलन बिना किसी मुख्य राजनीतिक समझौते के खत्म हो गया। सवाल है कि जब पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन के खतरे से जूझ रही है, तब देश मिलकर इसका समाधान क्यों नहीं निकाल पा रहे हैं?
जलवायु परिवर्तन अब केवल पर्यावरण से जुड़ा मुद्दा नहीं रह गया है। बढ़ता तापमान, बेमौसम बारिश, बाढ़, सूखा और जंगलों में लगने वाली आग दुनिया के सामने बड़ी चुनौती बन चुके हैं। इसके बावजूद जब इन समस्याओं से निपटने के लिए दुनिया के करीब 200 देश एक मंच पर आए, तो उनके बीच सहमति नहीं बन सकी। दरअसल, तुर्किये के अंताल्या में आयोजित संयुक्त राष्ट्र का 31वां जलवायु सम्मेलन यानी COP31 22 नवंबर को बिना किसी मुख्य समझौते के समाप्त हो गया। सम्मेलन की बातचीत तय समय से दो दिन आगे तक चली, लेकिन जीवाश्म ईंधन के इस्तेमाल को कम करने और विकासशील देशों को जलवायु संकट से निपटने के लिए आर्थिक मदद देने जैसे अहम मुद्दों पर देश एक राय नहीं बना सके।
क्या है COP सम्मेलन और दुनिया के लिए क्यों जरूरी है?
COP का पूरा नाम Conference of the Parties है। यह संयुक्त राष्ट्र के जलवायु परिवर्तन संबंधी समझौते (UNFCCC) से जुड़े देशों का सालाना सम्मेलन है। इसमें करीब 200 देशों की सरकारें, वैज्ञानिक, पर्यावरण विशेषज्ञ और दूसरे प्रतिनिधि हिस्सा लेते हैं। इस सम्मेलन का मकसद केवल जलवायु परिवर्तन पर चर्चा करना नहीं, बल्कि ऐसे फैसले लेना भी है जिनसे दुनिया में ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन कम हो, तापमान बढ़ने की रफ्तार रोकी जा सके और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से प्रभावित देशों को मदद मिल सके। इसी प्रक्रिया से 2015 में पेरिस जलवायु समझौता हुआ था। इसके तहत दुनिया ने वैश्विक तापमान में बढ़ोतरी को औद्योगिक क्रांति से पहले के स्तर के मुकाबले 2 डिग्री सेल्सियस से काफी नीचे रखने और इसे 1.5 डिग्री तक सीमित करने के प्रयास करने का लक्ष्य तय किया था। यानी COP की बैठकों में होने वाले फैसले दुनिया की ऊर्जा नीति, उद्योग, खेती, परिवहन और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को प्रभावित करते हैं।
आखिर किस मुद्दे पर अटक गई दुनिया की बातचीत?
सम्मेलन में सबसे बड़ा विवाद कोयला, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस जैसे जीवाश्म ईंधनों (Fossil Fuels) को लेकर हुआ। इनका इस्तेमाल बिजली बनाने, गाड़ियां चलाने और उद्योगों में ऊर्जा पैदा करने के लिए किया जाता है। लेकिन इनके जलने से बड़ी मात्रा में कार्बन डाइऑक्साइड और दूसरी ग्रीनहाउस गैसें निकलती हैं, जो धरती का तापमान बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती हैं। दुनिया के सामने चुनौती यह है कि ऊर्जा की जरूरतें भी पूरी करनी हैं और प्रदूषण भी कम करना है। इसके लिए कई देश जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता घटाकर सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा और दूसरे स्वच्छ ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देने की मांग कर रहे हैं। COP31 में यूरोपीय संघ (EU), ब्रिटेन और छोटे द्वीपीय देशों समेत 130 से ज्यादा देशों ने मांग की कि अंतिम समझौते में कोयला, तेल और गैस का इस्तेमाल धीरे-धीरे खत्म करने का स्पष्ट रोडमैप शामिल किया जाए। लेकिन सऊदी अरब और रूस जैसे तेल उत्पादक देशों ने इस तरह की स्पष्ट प्रतिबद्धता का विरोध किया। इन देशों का मानना था कि ऊर्जा परिवर्तन को लेकर किसी एक रास्ते या लक्ष्य को सभी देशों पर लागू नहीं किया जाना चाहिए। आखिरकार सम्मेलन के अंतिम प्रस्ताव में जीवाश्म ईंधनों का कोई स्पष्ट जिक्र नहीं किया गया। इससे यूरोपीय संघ और उसके सहयोगी देश नाराज हो गए। उन्होंने इस प्रस्ताव को स्वीकार करने से इनकार कर दिया।
जीवाश्म ईंधन पर इतना विवाद क्यों है?
इस विवाद को समझने के लिए एक आंकड़ा काफी अहम है। द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया के सालाना ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन का करीब तीन-चौथाई हिस्सा जीवाश्म ईंधन जलाने से जुड़ा है। इसके बावजूद दुनिया की 80 फीसदी से ज्यादा ऊर्जा जरूरतें अभी भी इन्हीं स्रोतों से पूरी होती हैं। यानी दुनिया एक तरफ प्रदूषण कम करने की बात कर रही है, लेकिन दूसरी तरफ उसकी अर्थव्यवस्था, बिजली उत्पादन और परिवहन व्यवस्था अब भी कोयले, तेल और गैस पर निर्भर है। यही वजह है कि जीवाश्म ईंधन का इस्तेमाल कम करने का फैसला केवल पर्यावरण का मुद्दा नहीं है। इसका सीधा असर देशों की अर्थव्यवस्था, रोजगार, बिजली की कीमतों और ऊर्जा सुरक्षा पर भी पड़ता है।
गरीब देशों को आर्थिक मदद देने पर भी नहीं बनी बात
COP31 में दूसरा बड़ा विवाद जलवायु वित्त यानी Climate Finance को लेकर था। जलवायु परिवर्तन का असर सभी देशों पर पड़ रहा है, लेकिन इसकी कीमत सभी देश एक समान नहीं चुका रहे हैं। विकसित देशों ने औद्योगीकरण के लंबे दौर में बड़ी मात्रा में ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन किया है। वहीं, गरीब और विकासशील देशों के पास जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए पर्याप्त आर्थिक संसाधन और तकनीक नहीं हैं। उदाहरण के तौर पर, किसी गरीब देश में बाढ़ आने पर सड़कें, घर, खेती और बिजली व्यवस्था तबाह हो सकती है। ऐसे में उसे दोबारा निर्माण करने के साथ-साथ भविष्य में आने वाली आपदाओं से बचने के लिए भी निवेश करना पड़ता है।
इसीलिए विकासशील देशों की मांग है कि अमीर देश उन्हें आर्थिक सहायता दें। इस मदद से वे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने, बाढ़ और सूखे से बचाव की व्यवस्था बनाने और जलवायु परिवर्तन के नुकसान की भरपाई करने जैसे काम कर सकें। COP31 में इस मुद्दे पर भी ठोस सहमति नहीं बन सकी। शुरुआती प्रस्ताव में 2035 तक विकासशील देशों के लिए जलवायु अनुकूलन (Climate Adaptation) से जुड़ी आर्थिक मदद को बढ़ाकर सालाना 120 अरब डॉलर करने की बात थी। लेकिन बाद के प्रस्तावों में यह तय राशि हटा दी गई। इस तरह मदद कितनी मिलेगी और कब मिलेगी, इसका कोई नया स्पष्ट रास्ता तय नहीं हो सका।
भारत ने क्या मांग रखी और उसका रुख क्या रहा?
भारत ने सम्मेलन में विकासशील देशों के हितों और जलवायु न्याय (Climate Justice) का मुद्दा उठाया। भारत का कहना था कि जलवायु परिवर्तन से निपटने की जिम्मेदारी सभी देशों की है, लेकिन सभी देशों की जिम्मेदारी एक जैसी नहीं हो सकती। भारत ने विकसित देशों से आर्थिक मदद, आधुनिक तकनीक और क्षमता निर्माण में सहयोग देने की मांग की। उसका तर्क है कि जिन देशों ने ऐतिहासिक रूप से ज्यादा प्रदूषण फैलाया है, उन्हें जलवायु संकट से निपटने में बड़ी जिम्मेदारी उठानी चाहिए। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि ऊर्जा परिवर्तन का रास्ता हर देश को अपनी परिस्थितियों और जरूरतों के हिसाब से तय करने का अधिकार होना चाहिए। इसे न्यायपूर्ण और समानता पर आधारित बनाने के लिए विकासशील देशों को आर्थिक मदद और तकनीक मिलना जरूरी है। भारत की चिंता यह भी है कि विकसित देश विकासशील देशों पर प्रदूषण कम करने के लिए एक जैसे लक्ष्य न थोपें। भारत जैसे देशों को अभी अपनी ऊर्जा जरूरतें पूरी करने, उद्योग बढ़ाने और करोड़ों लोगों के जीवन स्तर में सुधार करने की चुनौती भी है।
हालांकि, भारत ने प्रस्तावित समझौते के कुछ हिस्सों पर अपनी आपत्ति भी जताई थी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत ने आखिरी समय तक बातचीत और सहमति बनाने की कोशिश की। लेकिन मुख्य समझौता नहीं हो सका।
क्या COP31 पूरी तरह फेल हो गया?
यहां एक जरूरी बात समझना भी जरूरी है। COP31 का मुख्य राजनीतिक समझौता यानी 'अंताल्या पैक्ट' (Antalya Pact) जरूर पारित नहीं हो सका, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि सम्मेलन में कोई भी फैसला नहीं हुआ। सम्मेलन के दौरान कुछ दूसरे मुद्दों पर बातचीत आगे बढ़ी और कई स्वैच्छिक पहलों को समर्थन मिला। इनमें बिजली की कुल ऊर्जा खपत में हिस्सेदारी को 2035 तक 35 फीसदी करने का तुर्किये का प्रस्ताव भी शामिल था। 80 से ज्यादा देशों ने इस लक्ष्य का समर्थन किया, लेकिन मुख्य समझौता पारित नहीं होने के कारण यह बाध्यकारी वैश्विक लक्ष्य नहीं बन सका। इसके अलावा, पेरिस जलवायु समझौता भी पहले की तरह लागू रहेगा। COP31 में मुख्य प्रस्ताव पर सहमति नहीं बनने से पहले के जलवायु समझौते और देशों की मौजूदा प्रतिबद्धताएं खत्म नहीं हुई हैं।
अब आगे क्या होगा?
COP31 के मुख्य समझौते पर सहमति नहीं बनने के बाद जीवाश्म ईंधन, जलवायु वित्त और विकासशील देशों की जिम्मेदारियों से जुड़े विवाद अगले सम्मेलन में भी उठेंगे। अगला जलवायु सम्मेलन COP32 वर्ष 2027 में इथियोपिया के अदीस अबाबा में आयोजित होना है। वहां देशों के सामने एक बार फिर इन मुद्दों पर सहमति बनाने की चुनौती होगी।
लेकिन COP31 का नतीजा एक बड़ा सवाल छोड़ गया है। जब दुनिया जलवायु परिवर्तन के गंभीर परिणाम देख रही है, तब भी देश अपने आर्थिक हितों और ऊर्जा जरूरतों से ऊपर उठकर कोई साझा रास्ता नहीं निकाल पा रहे हैं। जलवायु संकट की चुनौती पूरी दुनिया के सामने है, लेकिन उससे निपटने की जिम्मेदारी तय करने पर ही दुनिया बंटी हुई है।





