Molitics Logo
होम अंतरराष्ट्रीय Bangladesh Election: फरवरी 2026 में होंगे आम चुनाव, मोहम्मद यूनुस ने की तारीख़ की घोषणा
अंतरराष्ट्रीय

Bangladesh Election: फरवरी 2026 में होंगे आम चुनाव, मोहम्मद यूनुस ने की तारीख़ की घोषणा

Bangladesh Election: अंतरिम सरकार के प्रमुख सलाहकार प्रोफेसर मोहम्मद यूनुस ने घोषणा की है कि देश में आम चुनाव फरवरी 2026 में कराए जाएंगे।

Bangladesh Election: फरवरी 2026 में होंगे आम चुनाव, मोहम्मद यूनुस ने की तारीख़ की घोषणा
फोटो: Bangladesh Election: फरवरी 2026 में होंगे आम चुनाव, मोहम्मद यूनुस ने की तारीख़ की घोषणा
बांग्लादेश पिछले साल हुए तख्तापलट के बाद से ही आम चुनाव नहीं हुए हैं, लेकिन इन चुनावों को लेकर बड़ा राजनीतिक संकेत सामने आ रहा है। मंगलवार को अंतरिम सरकार के प्रमुख सलाहकार प्रोफेसर मोहम्मद यूनुस ने घोषणा की कि देश में आम चुनाव फरवरी 2026 में कराए जाएंगे। यह घोषणा उन्होंने पिछले वर्ष हुए जनविद्रोह की पहली वर्षगांठ के मौके पर राष्ट्र को संबोधित के दौरान की। यूनुस ने कहा कि अंतरिम सरकार मुख्य चुनाव आयुक्त को एक औपचारिक पत्र भेजेगी, जिसमें रमज़ान से पहले, यानी फरवरी 2026 में राष्ट्रीय चुनाव कराने का अनुरोध किया जाएगा।

Bangladesh Election: पिछले साल हुआ था तख्तापलट

पिछले साल जुलाई में छात्रों के नेतृत्व में शुरू हुए जनआंदोलन के बाद शेख हसीना की अगुवाई वाली अवामी लीग सरकार को सत्ता से हटना पड़ा था। 5 अगस्त 2024 को हसीना सरकार गिर गई और इसके बाद उन्होंने भारत में शरण ली। इसके बाद मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में एक अंतरिम सरकार का गठन हुआ, जिसने देश में लोकतंत्र की पुनर्बहाली का वादा किया। पहले यूनुस ने चुनाव अप्रैल 2026 के पहले पखवाड़े में कराने का संकेत दिया था, लेकिन अब उन्होंने समय-सीमा को फरवरी तक खींचने की बात कही है। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया और न्यायिक सुधारों की समीक्षा के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

विपक्षी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और उसकी सहयोगी पार्टियां लंबे समय से जल्द चुनाव कराने की मांग कर रही हैं। बीएनपी प्रमुख खालिदा जिया की पार्टी ने 28 मई को ढाका में एक बड़ी रैली निकालकर दिसंबर 2025 तक चुनाव कराने की मांग रखी। वहीं, जुलाई 2024 के जनविद्रोह में सक्रिय रहे नेताओं की नवगठित पार्टी—नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP)—का कहना है कि पहले चुनावी सुधारों की प्रक्रिया पूरी की जानी चाहिए। इस पार्टी को शुरुआत में जमात-ए-इस्लामी का समर्थन भी मिला था, जिसने भी फरवरी से अप्रैल 2026 के बीच चुनाव कराने का सुझाव दिया है।

बांग्लादेश के सेना प्रमुख जनरल वकर-उज-जमान ने 21 मई को बयान दिया था कि राष्ट्रीय चुनाव 2025 के अंत तक संपन्न हो जाने चाहिए। उनके इस बयान को संवैधानिक संस्थाओं की चुनाव में अनावश्यक देरी को लेकर चिंता के रूप में देखा गया।