प्रवेश वर्मा का दावा
पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे प्रवेश वर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "सूत्रों ने मुझे बताया है कि अरविंद केजरीवाल अपनी सीट बदल सकते हैं। मैं बस केजरीवाल जी से कहना चाहता हूं कि कृपया नई दिल्ली विधानसभा सीट से भागें नहीं। लोकतांत्रिक गरिमा के साथ चुनाव लड़ें।" वर्मा ने यह भी संकेत दिया कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें नई दिल्ली सीट से चुनाव लड़ने के लिए तैयार रहने को कहा है।
केजरीवाल पर लगाए गंभीर आरोप
इससे पहले, अरविंद केजरीवाल ने वर्मा पर महिलाओं को 1,100 रुपये बांटने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि "उनके पिता को ऐसे देशद्रोही बेटे पर शर्म आती होगी।" इस बयान के बाद आप ने वर्मा के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) में शिकायत दर्ज कराई है। पार्टी का दावा है कि वर्मा द्वारा नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में नकदी बांटने का काम किया जा रहा है, जो चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश है। आप ने ईडी से मांग की है कि वर्मा के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया जाए।
वर्मा ने दी सफाई
प्रवेश वर्मा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि "यह पैसा मेरे पिता साहिब सिंह वर्मा द्वारा स्थापित सामाजिक संगठन 'राष्ट्रीय स्वाभिमान' के जरिए जरूरतमंद महिलाओं को दिया गया है।" उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जब तक चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लागू नहीं होती, वह गरीब और जरूरतमंद महिलाओं की सहायता करना जारी रखेंगे। दिल्ली विधानसभा के 70 सदस्यों के चुनाव फरवरी में होने वाले हैं। इस बीच, कांग्रेस ने नई दिल्ली से तीन बार दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित को उम्मीदवार बनाया है। यह सीट इसलिए भी खास है क्योंकि अरविंद केजरीवाल ने 2013 में इसी सीट से शीला दीक्षित को हराकर राजनीतिक हलकों में सनसनी मचाई थी।





