Molitics Logo
होम चुनाव Delhi Polls: राहुल गांधी ने लोगों से किए 5 अहम वादे, गारंटी में 500 का गैस सिलेंडर, राशन और युवाओं को भत्ता
चुनाव

Delhi Polls: राहुल गांधी ने लोगों से किए 5 अहम वादे, गारंटी में 500 का गैस सिलेंडर, राशन और युवाओं को भत्ता

भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई विचारधारा की है। एक तरफ BJP-आरएसएस है और दूसरी तरफ कांग्रेस है, उन्होंने कहा, वे नफरत फैलाते हैं

Delhi Polls: राहुल गांधी ने लोगों से किए 5 अहम वादे, गारंटी में 500 का गैस सिलेंडर, राशन और युवाओं को भत्ता
फोटो: Rahul Gandhi, BJP, Delhi Assembly Election, AAP
लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने दिल्ली के बादली विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने दिल्लीवासियों से 5 अहम वादे किए। राहुल गांधी ने कहा कि अगर कांग्रेस की सरकार बनती है तो महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये दिए जाएंगे, 300 यूनिट बिजली मुफ्त मिलेगी, सभी नागरिकों को 25 लाख रुपये का हेल्थ इंश्योरेंस मिलेगा, गैस सिलेंडर 500 रुपये में मिलेगा, और सभी को मुफ्त राशन प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, युवाओं को एक साल तक 8500 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। इसके साथ ही, उन्होंने भाजपा और आम आदमी पार्टी (AAP) दोनों पर कड़ा प्रहार किया।

राहुल गांधी ने दिल्ली में अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि ये दोनों नेता दिल्ली की जनता को धोखा दे रहे हैं। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई विचारधारा की है। "एक तरफ बीजेपी-आरएसएस है, और दूसरी तरफ कांग्रेस है," उन्होंने कहा, "वे नफरत फैलाते हैं, जबकि हम मोहब्बत की दुकान खोलने की बात करते हैं। हम साफ तौर पर कहते हैं कि जहां भी नफरत और हिंसा फैलेगी, हम वहां मोहब्बत का पैगाम लेकर आएंगे।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए राहुल गांधी ने कहा, "बीजेपी और मोदी जी नफरत फैलाने का काम करते हैं क्योंकि उन्हें जनता को आपस में लड़ाना है। जब जनता एक-दूसरे से लड़ती है, तो मोदी जी अडानी और अंबानी जैसे बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाते हैं। हम लोगों की बात सुनकर काम करना चाहते हैं, न कि मोदी जी की मन की बात।" उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने बड़े उद्योगपतियों का 16 लाख करोड़ रुपये का कर्जा माफ किया, जबकि गरीबों के लिए कुछ नहीं किया।

राहुल गांधी ने केजरीवाल पर आरोप लगाया कि उन्होंने दिल्ली में सत्ता में आने के बाद भ्रष्टाचार किया। "कुछ साल पहले बिजली के खंभे पर चढ़ने वाले और छोटी सी कार में घूमने वाले केजरीवाल आज शीशमहल में रहते हैं। उन्होंने कहा था कि वह दिल्ली को साफ करेंगे और भ्रष्टाचार खत्म करेंगे, लेकिन वही केजरीवाल अब शराब घोटाले में शामिल हैं," राहुल गांधी ने कहा। राहुल गांधी ने चुनौती देते हुए कहा, "केजरीवाल कहते थे कि वह यमुना में नहाकर उसका पानी पियेंगे। मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि वह यमुना का पानी छोड़ें, और जो पानी दिल्ली के घरों में आता है, उसी को पीकर दिखाएं।"

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा हिंसा और नफरत फैलाती है। "जब दिल्ली में दंगे हुए और लोगों को मारा गया, तब केजरीवाल और उनकी पार्टी के लोग गायब हो गए थे। आज ही के दिन महात्मा गांधी की हत्या की गई थी, और यह हत्या इसलिए हुई क्योंकि वह सभी की रक्षा कर रहे थे। जिनकी विचारधारा आज हिंदुस्तान को जलाने का काम कर रही है, वही लोग गांधीजी की हत्या के दोषी हैं।" राहुल गांधी ने अपनी बात समाप्त करते हुए कहा, "यह एक पुरानी लड़ाई है, और हमें इसे हर हाल में जीतना है।"

Read This Also:- Delhi Polls: कालकाजी में पैसे और शराब बांटने का दावा, आतिशी ने निर्वाचन अधिकारी को लिखा पत्र