Molitics Logo
होम चुनाव Delhi Polls: BJP ने AAP सरकार के खिलाफ जारी किया आरोप पत्र, केजरीवाल ने कहा— न को मुद्दा न कोई CM चेहरा
चुनाव

Delhi Polls: BJP ने AAP सरकार के खिलाफ जारी किया आरोप पत्र, केजरीवाल ने कहा— न को मुद्दा न कोई CM चेहरा

भारतीय जनता पार्टी के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आप सरकार के वादों की समीक्षा करते हुए गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आप सरकार के कार्यकाल में यमुना नदी इतनी प्रदूषित हो गई है कि वह बदबूदार, झागदार और जहरीली बन गई है।

Delhi Polls:  BJP ने AAP सरकार के खिलाफ जारी किया आरोप पत्र, केजरीवाल ने कहा— न को मुद्दा न कोई CM चेहरा
फोटो: Delhi Polls: BJP ने AAP सरकार के खिलाफ जारी किया आरोप पत्र, केजरीवाल ने कहा— न को मुद्दा न कोई CM चेहरा
दिल्ली में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इन दिनों यहां की सियासत काफी दिलचस्प मोड़ ले रही है। एक ओर AAP के मुखिया अरविंद केजरीवाल महिलाओं और बुजुर्गों के लिए दो नई योजनाएं शुरू कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी ने आप सरकार के खिलाफ आरोप पत्र जारी किया है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और प्रवीण खंडेलवाल ने एक कार्यक्रम में यह आरोप पत्र जारी किया। इस अवसर पर विजेंद्र गुप्ता, रमेश बिधूड़ी, आरती मेहरा और सरदार आरपी सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

भारतीय जनता पार्टी के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आप सरकार के वादों की समीक्षा करते हुए गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आप सरकार के कार्यकाल में यमुना नदी इतनी प्रदूषित हो गई है कि वह बदबूदार, झागदार और जहरीली बन गई है। उन्होंने याद दिलाया कि 2022 की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल ने 2025 के चुनाव से पहले यमुना में लोगों के साथ डुबकी लगाने का वादा किया था। अब जब दस साल बीत चुके हैं और 2025 में केवल दस दिन शेष हैं, तो सवाल उठता है - क्या यमुना साफ हुई? क्या यमुना की सफाई का वादा पूरा हुआ?

अनुराग ठाकुर ने अरविंद केजरीवाल पर बोला हमला

अनुराग ठाकुर ने कहा कि यमुना अब इतनी प्रदूषित हो गई है कि यहां धार्मिक पर्व मनाना भी बंद करना पड़ा है। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, 'कान्हा तेरी यमुना काली हो गई, केजरीवाल के पाप धोते-धोते।' बीजेपी सांसद ने आरोप लगाया कि वायु प्रदूषण और खराब सीवेज सिस्टम के कारण दिल्ली गैस चैंबर बन गई है। इससे मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियां फैल रही हैं और पानी प्रदूषित हो गया है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि दिल्ली को बचाया जाए और केजरीवाल के भ्रष्टाचार का अंत किया जाए।

बीजेपी के आरोप पत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'बीजेपी के पास चुनाव लड़ने का कोई एजेंडा नहीं है। उन्हें दिल्ली की जनता को बताना चाहिए कि पिछले पांच वर्षों में उन्होंने दिल्ली के लिए क्या किया है। हमने बिजली, पानी, महिला यात्रा, सड़क और कई अन्य क्षेत्रों में दिल्लीवासियों के लिए ठोस काम किया है। इन्होंने क्या किया? दिल्ली में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई है। ये कुछ नहीं कर पाए। अब चुनाव आते ही मेरे खिलाफ चार्जशीट जारी कर रहे हैं। इनके पास मुख्यमंत्री पद के लिए कोई चेहरा तक नहीं है।'