केजरीवाल ने यह भी कहा कि नई दिल्ली संसदीय क्षेत्र में लोकेश बंसल और उनके समर्थक ही कांग्रेस के लिए एकमात्र मजबूत कार्यकर्ता थे। अब उनके आप में शामिल होने के बाद कांग्रेस पार्टी नई दिल्ली सीट पर पूरी तरह से कमजोर हो गई है। वहीं, आप में शामिल होने के बाद लोकेश बंसल ने कहा, "वह नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र में जीत सुनिश्चित करेंगे।"
दिल्ली विधानसभा चुनाव में सबसे अधिक प्रत्याशी नई दिल्ली विधानसभा सीट पर मैदान में हैं। इस सीट से दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि बीजेपी ने प्रवेश वर्मा को उम्मीदवार बनाया है। केजरीवाल ने पहली बार 2013 में इस सीट से चुनाव जीता था। इसके बाद उन्होंने 2015 और 2020 में लगातार इस सीट से जीत हासिल की थी।
दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर एक चरण में 5 फरवरी को मतदान होगा, और 8 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे। साल 2020 के विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी ने 70 में से 62 सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि बीजेपी ने 8 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इसके अलावा, 2015 के विधानसभा चुनावों में आप ने प्रचंड बहुमत के साथ 67 सीटें जीती थीं, जबकि बीजेपी ने केवल 3 सीटों पर जीत दर्ज की थी। वहीं, कांग्रेस दोनों चुनावों में खाली हाथ रही थी।





